रविवार, 2 अक्टूबर 2016

कोकून में रहती हैं लड़कियां
एक खोल में ढक के खुद को
बिता देती हैं जिंदगी
बुनती- बीनती  हैं,
बनाती हैं उसे सुंदर
उस से बाहर जाने का सोचती भी नही
और एक दिन छिन जाता है वो खोल
छिनने से पहले काटी, उबाली जाती हैं वो
उसी खूबसरती के लिए
रह जाती खाली खोल लिए
पर मरती नही , न छोड़ती हैं
बुनना - बीनना , बनाना
फिर इक नए खोल को
सुन्दर बनाना

शहर में नई बनी थी
पचहत्तर माले की बिल्डिंग
और लगी शर्त, सीढ़ियों से
सबसे पहले ऊपर पहुँचने की
मत हंसो, लड़कपन था
वो लड़कपन ही क्या जिसमे
शर्तें न बदीं जाएँ, हौसले न नापे जाएँ ।

तो शुरू की चढ़ाई, हँसते, खिलखिलाते
एक दूसरे की नकलें बनाते
चिढ़ाते, खिजाते, साथ में चढ़ते जाते
बहुत जल्द आया समझ कि
जीतना हो गर तो ये सब व्यर्थ के
हंसी-मजाक होंगे छोड़ने,
तो मौन सब लगे चढ़ने ।

बस देखते एक दूसरे को
अपने बीच के अंतर को
कम करने की कोशिश करते
नजर मिलने पर मुस्काते
पर चढ़ना जारी रखते
हालांकि गति पड़ गयी थी धीमी
पर शर्त की याद आते ही जोर लगाते ।

थोड़ी देर में ही फासले बढ़ने लगे
यारों में, और बढ़ने लगी थकन
बहुत दूर धुंधलाते अक्स नजर आते
पैर खींचते, घसीटते बढ़ते जाते
पता नही पीछे कौन कहाँ बैठा, या नही
बस अपनी धुन में चलते जाते
सांस धौंकनी, कैसे मुस्काते ?
हर कदम जबरन उठाते
बस पहुँच ही गए कह खुद को मनाते ।

और, पहुँच के पस्त पड़ जाते
अद्भुत नजारा वहां से
धूप और बादल की अठखेली देखते
साँसें समेट के जोर से चिल्लाते 
पर पीछे मीलों तक तक कोई नही
किसे ये सुख बताते
नीचे झाँको तो कीड़े-मकोड़े से
पहचान में भी न आते ।

शर्त तो जीती पर
बोझल क़दमों से उतरते सोचते जाते
चढ़ने का मजा कहाँ छोड़ आये
कब संग तय किये सफ़र में
अकेले ही पड़ गए, भांप भी नही पाते ।

हाँ, जीती शर्त पर,
इस होड़ में क्या-क्या खोया
हिसाब लगाते, अकेले की जीत
न देती ख़ुशी उतनी ,
जितनी संगी के साथ हारने में पाते
ऐसी जीत में न बड़प्पन, न सम्मान, न ख़ुशी
बस अकेलापन, घनघोर अकेलापन ।

शनिवार, 1 अक्टूबर 2016

सच ही कहते हैं कि किसी से बात कर लो तो मन हल्का हो जाता है। फिर भले ही उस से कुछ भी न कहा हो, कोई परेशानी न बांटीं हो। बातें भी कहाँ, सिर्फ मेसेज ही किये हों, आम से। और वो भी कोई आम ही हो, कोई विशेष या ख़ास न हो। कैसे हैं, ठीक तो हैं, जैसे। हर जवाब झूठ हो। मन चीख-चीख कर कहना चाह रहा हो कि नहीं, नहीं हूँ ठीक लेकिन जवाब में एक स्माइली चिपका के भी बेहतर लगता है | आँखों भरी हों, पर उंगलियाँ हा हा हा टाइप कर रही हों। बस काम भर की बातें, औपचारिकता सी। पर पता नहीं कैसे वो स्माइली, वो हा हा हा अपना काम करतीं हैं। उँगलियों से मन तक। न, हँसी नहीं आती, न मुस्कान, पर फिर भी एक बोझ सा कम होता है। कोई इस ऊँगली और मस्तिष्क से होते हुए मन तक का सम्बन्ध विज्ञान में से ढूंढ कर ला भी दे सकता है। पर मुझे लगता है कि शब्द, बिना उच्चरित हुए सिर्फ लिखित शब्द भी बड़ी करामात दिखाते हैं। कभी गौर कीजिएगा। जादू होता है शब्दों में और मुझे प्यार है इस जादूगरी से।  

शुक्रवार, 30 सितंबर 2016

आज कुछ नही करने का मन है,
एकांत में, शून्य में नजरें गड़ाये बैठे रहने का मन है,
साफ़ सफ़ेद दीवार पर ,
एक सुई से भी छोटी नोक के बिंदु पर, नजरें टिकाये, उसे बड़ा करते जाने का मन है,
कोई न टोके, न बोले कुछ, ऐसे ही बंद कमरे में,
जिसे न खटखटाये कोई, बैठे रहना अँधेरा किये,
उसी अँधेरे से आँखें मिलाने का मन है,
देर तक कोई आवाज न आये, आये भी तो बस
पंखे की घरघराहट... जैसे और कोई आवाज कभी रही ही न हो दुनिया में, ऐसे बहरे बन जाने का मन है,
ऐसा नही कि बोल नही उमड़ते, उमड़ते हैं लेकिन
उन्हें जुबान पे न लाने का मन है,
यूँ ही चुपचाप बैठे रहने का मन है,
कोई बहुत बड़ी ख्वाहिश नही यह, लेकिन
पूछिए ज़रा खुद से,
कब आखिरी बार मिला था ऐसा सुयोग ?
मिलेगा, उम्मीद तो है,
जीते-जी ये सुयोग पाने का मन है .....

गुरुवार, 22 सितंबर 2016

रेत सी बन जियूं तो क्या अच्छा हो,
हर सुख, हर दुःख
लहरों सा धो के निकल जाए
कभी आप्लावन से भर उठूँ
दरक जाऊं प्रवाह में,
उतरने के बाद फिर नई,
अनछुई सी, स्वागत को तैयार रहूँ
अनजानी सी लहर के,
या किसी के पैरों के निशान सहेजूँ,
औ किसी बच्चे के सपनों को
घरौंदे में बदलने को आतुर रहूँ
हर आगत पल की
अनिश्चितता, रोंगटे खड़े करे मेरे
जीवन के हर पल में रोमांच
नया सा, कैसा तो होता होगा ना ?

शुक्रवार, 9 सितंबर 2016

लफ्ज़, अंगारों से
दहकते, धधकते,
जलाते क़दमों को
लेकिन, क्लांत हो जलन से
बैठना न हो संभव
तो मौन का शीतल मलहम,
लगा तलवों पर
गुजरते जाना
जब तक कि
अंगारे राख न हों
और राख ठंडी हो
क़दमों को सुकून न दे।

शुक्रवार, 22 जनवरी 2016

वजन

हर औरत
होती है मजूर,
ठोती है वजन
बाँध के गठ्ठर
और उस बोझ के दरमियाँ
हंसती, मुस्काती भी है,
नहीं अंदाजा लगा सकते कभी
गठ्ठर के वजन का।
कभी, अकस्मात
ढीला भी होता है बंधन
गिर पड़ता है एक टुकड़ा
और रूकती , ठिठकती
कभी खुद तो कभी किसी की मदद ले
समेटती है खुद को
क्योकि  ढोना ही जिंदगी है ।

काश

 जाने कैसे लोग होते हैं जिन्हें कोई regret कोई पछतावा नहीं होता। इतना सही कोई कैसे हो सकता है कि कुछ गलत न हुआ हो कभी भी उसकी जिंदगी में। अब...